श्रीलंका के 232 रन का पीछा करते हुए इंग्लिश टीम 212 रन ही बना सकी और 47 ओवर में ऑलआउट हो गई. यह इस टूर्नामेंट में खिताब की प्रबल दावेदार कही जा रही इंग्लैंड की दूसरी हार है.
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 में श्रीलंका ने मेजबान इंग्लैंड टीम को 20 रन से हराकर उलटफेर कर दिया है. श्रीलंका के 232 रन का पीछा करते हुए पूरी इंग्लिश टीम 47 ओवर में 212 रन पर पवेलियन लौट गई. यह इस टूर्नामेंट में खिताब की प्रबल दावेदार कही जा रही इंग्लैंड की दूसरी हार है. इससे पहले उसे पाकिस्तान ने मात दी थी. अब श्रीलंका की हार ने इंग्लैंड की उम्मीदवारी पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. पाकिस्तान की इस समय वर्ल्ड रैंकिंग 6 है, जबकि श्रीलंका रैंकिंग में सातवें पायदान पर है. ऐसे में इंग्लैंड का इन दोनों से हारना उलटफेर है.
20 साल से श्रीलंका को नहीं हरा पाया इंग्लैंड
इंग्लैंड ने इस वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और वेस्टइंडीज को हराया है. मजेदार बात है कि इन चारों में उसने टॉस जीता था, जबकि जिन दो मैचों में उसे हार मिली है वहां वह टॉस भी हार गया था. श्रीलंका और इंग्लैंड का वर्ल्ड कप में एक दूसरे के खिलाफ काफी अजीबोगरीब प्रदर्शन है. 1975 से 1992 के बीच दोनों के बीच पांच मैच हुए और सारे इंग्लैंड ने जीते. इसके बाद 1996 से 2019 तक 6 मैच हुए, जिनमें 5 श्रीलंका और एक इंग्लैंड ने जीता.
मलिंगा के 50 विकेट पूरे
श्रीलंका की जीत में लसित मलिंगा का बड़ा योगदान रहा. उन्होंने 10 ओवर में 43 रन देकर 4 विकेट लिए. इस दौरान उन्होंने वर्ल्ड कप में 50 विकेट भी पूरे कर लिए. वे चौथे गेंदबाज हैं, जिन्होंने वर्ल्ड कप में 50 विकेट लिए हैं.
इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट फील्डिंग के दौरान.(AP Photo)27 साल में 10 बार भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड से हारा
इंग्लैंड के अगले तीन मैच अब ऑस्ट्रेलिया, भारत और न्यूजीलैंड से हैं. ऐसे में उस पर वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाने का खतरा मंडराने लगा है. ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और भारत तीनों इस समय टॉप-4 में शामिल हैं. दिलचस्प बात है कि इंग्लैंड की टीम पिछले 27 साल में ऑस्ट्रेलिया, भारत और न्यूजीलैंड को नहीं हरा पाया है. 1992 वर्ल्ड कप के बाद से वह इन तीनों टीमों से 10 मैच हार चुका है.
ऑस्ट्रेलिया इस समय जबरदस्त फॉर्म में है और वह अंकतालिका में नंबर वन पर है. अब वह एक साल पुरानी कंगारू टीम नहीं है, जिसके खिलाफ अंग्रेजों ने 400 से ज्यादा रन उड़ा दिए थे. ऑस्ट्रेलिया में अब स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर लौट आए हैं और वे सफलता के रथ पर सवार हैं. भारत की बात की जाए तो उसे हराना टेढ़ी खीर है. इस वर्ल्ड कप में उसने जिस तरह का खेल दिखाया है, वह किसी भी टीम के पैर उखाड़ सकती है. विराट कोहली की टीम ने ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों को जबरदस्त तरीके से हराया है.
भारत और न्यूजीलैंड ही इस वर्ल्ड कप में अब तक अपराजेय हैं. न्यूजीलैंड भी जबरदस्त फॉर्म में है. उसने जिस अंदाज में दक्षिण अफ्रीका को हराया, वह उसके चरित्र के बारे में काफी कुछ कहता है. ऐसे में इंग्लैंड के सामने बड़ी मुश्किल हो गई है.
श्रीलंका से हार की हैट्रिक
श्रीलंका से भी इंग्लैंड की टीम 20 साल से नहीं जीत पाई है. 1999 वर्ल्ड कप के बाद से श्रीलंका ने इंग्लैंड को तीन बार हराया है. इनमें पिछली दो हार तो काफी बड़ी थीं. 2011 क्रिकेट वर्ल्ड कप में उसने 10 विकेट और 2015 में 9 विकेट से इंग्लिश टीम को शिकस्त मिली थी. 2019 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को 20 रन से हार मिली है.
नंबर वन इंग्लैंड को श्रीलंका को किया चित, 20 रन से दी मात
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें